खेल
SRH vs DC : सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराया
नई दिल्ली। आईपीएल (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से पराजित कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 242 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली (Delhi Capitals) की ओर से नीतीश राणा ने 30 गेंदों में 57 रन बनाए। केएल राहुल ने 23 गेंदों पर 37, समीर रिजवी ने 28 गेंदों में 41 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 16 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया। आशुतोष शर्मा 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पथुम निसांका 8 और कप्तान अक्षर पटेल 2 रन ही बना सके। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने चार विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे ने तीन सफलता हासिल की। दिलशान मदुशंका और साकिब हुसैन को एक-एक विकेट मिला।


इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की टीम को अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने 68 गेंदों में नाबाद 135 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। ट्रैविस हेड ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद अभिषेक ने कप्तान ईशान किशन के साथ 79 रन जोड़े, जिन्होंने 13 गेंदों में 25 रन बनाए। अंत में हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर टीम को 242 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में नीतीश राणा सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने चार ओवर में 55 रन दिए, जबकि मुकेश कुमार ने 53 रन खर्च किए। इस जीत के साथ हैदराबाद ने सात मैचों में आठ अंक हासिल कर अंक तालिका में तीसरा स्थान प्राप्त कर लिया है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स छह मैचों में तीसरी हार के बाद पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
