वाराणसी
सितंबर तक तैयार होगा ई-बस चार्जिंग स्टेशन
वाराणसी। जनपद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। पीएम ई-सेवा योजना के लागू होने से पहले आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। इसी क्रम में पांडेयपुर के मड़वां क्षेत्र में चिन्हित भूमि पर ई-बसों के लिए अपॉर्च्युनिटी चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
चार्जिंग स्टेशन के सेटअप की स्थापना के लिए स्थानीय स्तर पर पत्राचार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित स्टेशन तीन प्वाइंट का होगा, जहां एक साथ छह ई-बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वर्तमान में शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित 50 इलेक्ट्रिक बसों के लिए मिर्जामुराद में पहले से एक चार्जिंग स्टेशन संचालित है, जबकि कैंट बस अड्डे पर दूसरा स्टेशन निर्माणाधीन है। वहीं, शासन द्वारा वाराणसी में 100 नई ई-बसों के संचालन को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। इन बसों के ठहराव के लिए राजघाट और अखरी में भूमि चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि पांडेयपुर के मड़वां में बनने वाला तीन प्वाइंट चार्जिंग स्टेशन एक साथ छह ई-बसों को चार्ज करने में सक्षम होगा।
