वाराणसी
गंजारी क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंच आसान बनाने के लिए दो प्रमुख मार्गों का होगा चौड़ीकरण
यातायात दबाव कम करने की कवायद
वाराणसी। काशी में रिंग रोड के किनारे गंजारी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है, जिसे इस वर्ष के अंत तक पूरा किए जाने की संभावना है। इसके बाद अगले वर्ष की शुरुआत में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के आयोजन की उम्मीद जताई जा रही है। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के आगमन से यातायात पर दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने स्टेडियम तक पहुंचने वाले मार्गों के चौड़ीकरण की योजना बनाई है।
इसी क्रम में दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण द्वारा पारदर्शी तरीके से उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस परियोजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभावों का भी अध्ययन कराया जाएगा।
पहली सड़क हरसोस-सूईचक-गंगापुर मार्ग है, जिसके चैनेज 3.030 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव है। इसके लिए राजातालाब तहसील के अंतर्गत ग्रामसभा हरसोस, गंजारी, सूईचक और टेकीकहार से कुल 3.0154 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। दूसरी सड़क लहरतारा-कोटवा-कोरउत-परमपुर-अकेलवा मार्ग है, जिसमें चैनेज 12.00 से 14.500 तक चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इसके लिए ग्राम रामसयपुर, दयापुर, चकदीहराम, टेकीकहार एवं सूईचक से 5.232 हेक्टेयर भूमि अर्जित की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना तैयार की गई है। सभी भूमि का अधिग्रहण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा। सामाजिक प्रभाव के आकलन के लिए रांची की संस्था एटलस मैनेजमेंट कंसल्टिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों का मानना है कि सड़कों के चौड़ीकरण के बाद आवागमन सुगम होगा और शहर के विस्तार के साथ आवासीय योजनाओं के विकास को भी गति मिलेगी।
