Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर से वाराणसी जा रही बस हादसे का शिकार, कई यात्री घायल

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के साई धाम नैसारा मैरेज हाल के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब गाजीपुर से वाराणसी जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11:15 बजे हुआ। बस गाजीपुर की ओर से बनारस जा रही थी, तभी डिवाइडर से टकराकर बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस दो-तीन बार पलटी और फिर जाकर सीधी खड़ी हो गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

नंदगंज जिला संवाददाता विजय प्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार, नंदगंज थाना क्षेत्र में हुए बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गाजीपुर अस्पताल में एक और महिला ने दम तोड़ दिया, जिससे दो मौतों की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज गाजीपुर में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के साथ क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

अधिकारियों ने नंदगंज अस्पताल पहुंचकर भी घायलों की स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक टूरिस्ट बस थी, जिसमें कुल 48 लोग सवार थे। सभी यात्री नेपाल के काठमांडू की यात्रा पर गए थे और वाराणसी से वापसी की ट्रेन पकड़ने वाले थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page