गोरखपुर
एम्स गोरखपुर में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत व्याख्यान श्रृंखला आयोजित
गोरखपुर। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए सामान्य स्वच्छता एवं हाथों की स्वच्छता विषय पर व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता, एस.एम. के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मरीजों तथा उनके साथ आए लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ परिवेश और संक्रमण से बचाव में हाथों की स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। व्याख्यान के दौरान प्रतिभागियों को हाथ धोने की सही प्रक्रिया, दैनिक जीवन में साफ-सफाई बनाए रखने और बीमारियों की रोकथाम में स्वच्छ आदतों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद तथा घर और अस्पताल के आसपास स्वच्छता बनाए रखना कई संक्रामक रोगों से बचाव में कारगर होता है।
इस मौके पर एमबीबीएस के छात्रों ने ओपीडी परिसर में हाथों की स्वच्छता और सामान्य सफाई से जुड़ी व्यावहारिक प्रस्तुति भी दी, जिससे उपस्थित मरीजों को सही तकनीक को समझने में मदद मिली। कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता संबंधी व्यवहार अपनाने और साफ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्थान में चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आयोजित यह गतिविधि जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता को प्रोत्साहित करने और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल साबित हुई।
