गाजीपुर
एस.एस. देव पब्लिक स्कूल में दो पुस्तकों का भव्य विमोचन
शिक्षा के साथ साहित्य और संस्कार को मिला नया आयाम
जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। एस.एस. देव पब्लिक स्कूल में बुधवार को एक प्रेरणादायक एवं गरिमामय पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को नई ऊंचाई प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षकों द्वारा लिखित दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत पहली पुस्तक “खिड़की से झांकते शब्द” का विमोचन विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता कुशवाहा एवं शैक्षणिक समन्वयक शगुफ्ता रहमान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह कृति साहित्यिक अभिव्यक्ति, संवेदनशील भावनाओं और विचारों की उत्कृष्ट प्रस्तुति है, जो पाठकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने की क्षमता रखती है।

वहीं दूसरी पुस्तक “Seeds of Moral” के लेखक विद्यालय के शैक्षणिक प्रमुख डॉ. देवेंद्र वर्मा हैं। यह पुस्तक छात्रों में नैतिक मूल्यों के विकास और सुदृढ़ चरित्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश देती है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा ने दोनों पुस्तकों की सराहना करते हुए लेखकों के प्रयासों की प्रशंसा की और इन पुस्तकों को विद्यालय पुस्तकालय के लिए औपचारिक रूप से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों को न केवल ज्ञान से समृद्ध करते हैं, बल्कि उन्हें नैतिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। यह आयोजन शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।
