गाजीपुर
यूपीआई फ्रॉड में गई रकम पुलिस ने कराई वापस, पीड़िता ने जताया आभार
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल थाना जंगीपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई फ्रॉड का शिकार हुई एक युवती की पूरी धनराशि वापस कराई है।
जानकारी के अनुसार, थाना जंगीपुर क्षेत्र के ग्राम गुम्मा निवासी दीपशिखा पुत्री दुर्गा प्रसाद सिंह के साथ यूपीआई के माध्यम से 18 हजार रुपये की ठगी हो गई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल जंगीपुर सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में ठगी गई पूरी 18 हजार रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।
धनराशि वापस मिलने पर दीपशिखा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामशरण कुशवाहा एवं उनकी टीम की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
