गाजीपुर
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर ने निकाली स्कूल चलो अभियान रैली
सादात (गाजीपुर) जयदेश। शिक्षा क्षेत्र सादात अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर द्वारा सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारम्भ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। इस दौरान बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर घर का यही सपना, पढ़ेगा बच्चा, बढ़ेगा अपना” तथा “स्कूल चलें हम” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाकर ग्रामीणों को बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने एवं नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया।

रैली के दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों को बताया कि सरकार द्वारा बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तक, ड्रेस, मध्यान्ह भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके बावजूद यदि कोई बच्चा विद्यालय से दूर है, तो उसे शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक तेजेन्द्र यादव एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री रामअवध यादव ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
अभियान में उपस्थित लोगों ने गांव के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुनील यादव, इरशाद आलम, अरूण कुमार साहिल, प्रीति सिंह, विनोद जायसवाल, अमृतलाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
