वाराणसी
महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का समापन, संस्कृति और विरासत का दिखा संगम
मंत्री सुरेश कुमार बोले – “यूपी और एमपी मिलकर रच रहे विकास के नए आयाम”
वाराणसी। बीएलडब्ल्यू (BLW) मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘सम्राट विक्रमादित्य’ महानाट्य का भव्य समापन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में मंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य को लोकमान्य नायक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश मिलकर सांस्कृतिक विरासत को विकास से जोड़ रहे हैं। उन्होंने काशी में स्थापित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी को दोनों राज्यों के सांस्कृतिक सहयोग का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और सम्राट विक्रमादित्य के इतिहास से लोगों को रूबरू कराया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस महानाट्य का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया गया।
