गाजीपुर
बरेसर में ‘स्कूल चलो अभियान’ की गूंज, रैली निकालकर घर-घर पहुंची शिक्षा की अलख
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। तहसील क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय बरेसर, जमानिया में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शनिवार को प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में मिल रही सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जहां प्रभारी प्रधानाध्यापिका सीमा राम के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथों में बैनर व स्लोगन लेकर रैली निकाली। रैली गांव के विभिन्न मोहल्लों, गलियों और टोले तक पहुंची, जहां बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “हर घर से बच्चा स्कूल चले” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश दिया।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका सीमा राम ने बताया कि सरकार द्वारा 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार दिया गया है। इसके तहत बच्चों को मुफ्त पुस्तकें, ड्रेस, मिड-डे मील, जूते-मोजे सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके और वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

रैली के दौरान शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें समझाया कि सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। साथ ही बच्चों के नामांकन, उपस्थिति और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अभियान में सहायक अध्यापक जयप्रकाश गुप्ता, सरोज देवी, ब्रह्मानंद गुप्त, रीता कुमारी, नमामि कुमारी, छविनाथ राम, शिक्षामित्र संगीता, शशि प्रभा, पुष्पा देवी सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल रहे। रैली के समापन पर विद्यालय परिसर में उपस्थित लोगों को शिक्षा के महत्व पर जागरूक किया गया और सभी ने संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।
