वाराणसी
सीएम योगी ‘विक्रमादित्य महानाट्य’ का करेंगे शुभारंभ, साथ रहेंगे एमपी के सीएम
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचेंगे। इस दौरान वे बरेका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘विक्रमादित्य महानाट्य’ के मंचन का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5:15 बजे गुवाहाटी से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग द्वारा शाम 5:40 बजे सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाम 7 बजे से लगभग डेढ़ घंटे तक वे महानाट्य मंचन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर बाद करीब 3:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन शनिवार सुबह कालभैरव मंदिर तथा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे।
