वाराणसी
स्मार्ट मीटर पर प्रीपेड रिचार्ज में 2% छूट, किस्तों में बकाया भुगतान की सुविधा
वाराणसी। शहर में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं के यहां मुफ्त स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। इन स्मार्ट मीटरों के माध्यम से प्रीपेड बिजली रिचार्ज करने पर उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों में 2 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
पूर्वांचल डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक शंभु कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को कम बैलेंस, बैलेंस समाप्त होने और भुगतान से जुड़ी जानकारी एसएमएस के जरिए मिलती रहती है। साथ ही यदि कोई उपभोक्ता सोलर प्लांट स्थापित करता है, तो इसी मीटर को आसानी से नेट मीटर में बदला जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के तहत स्मार्ट मीटरिंग योजना में कुल 73,27,988 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाए जाने हैं, जिसके लिए दो एजेंसियां कार्यरत हैं। जीएमआर काशी के अंतर्गत वाराणसी प्रथम, द्वितीय और आजमगढ़ जोन, जबकि जीएमआर त्रिवेणी के अंतर्गत प्रयागराज प्रथम, द्वितीय और मिर्जापुर जोन तथा जीनस के अंतर्गत गोरखपुर प्रथम, द्वितीय और बस्ती जोन में स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।
काशी क्लस्टर में 25,75,024 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 10,97,152 यानी 42.3 प्रतिशत मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें वाराणसी में 1,74,569 स्मार्ट मीटर शामिल हैं।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि मीटर बदलने के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि को बकाए में समायोजित किया जाएगा और यदि कोई बकाया नहीं है तो यह राशि सीधे प्रीपेड बैलेंस में जोड़ दी जाएगी। पुराने पोस्टपेड बकाए का भुगतान उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार किश्तों में कर सकेंगे, जिसमें प्रत्येक रिचार्ज पर 10 से 25 प्रतिशत तक की राशि स्वतः समायोजित होगी।
उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप, www.uppcl.org तथा अधिकृत प्लेटफॉर्म जैसे पेटीएम, गूगल प्ले और सीएससी (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से तुरंत रिचार्ज कर सकते हैं।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले 30 दिनों तक बैलेंस समाप्त होने पर भी तीन दिन तक बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त शाम छह बजे से सुबह आठ बजे तक तथा रविवार और राजपत्रित अवकाश के दौरान भी बैलेंस खत्म होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी।
