गाजीपुर
डिजिटल लाइब्रेरी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
गाजीपुर, 28 अगस्त। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा और अध्ययन की सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार देर शाम विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत रसूलपुर टी शेखपुरा में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का आकस्मिक निरीक्षण किया।

कंप्यूटर और इंटरनेट सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा, अध्ययन सामग्री समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाइब्रेरी का उपयोग करने वाले छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध संसाधनों का अधिक से अधिक विद्यार्थियों और ग्रामीणों को लाभ मिले। उन्होंने अध्ययन के लिए जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की डिजिटल सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायतराज अधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
