गोरखपुर
रामनवमी को लेकर गोरखपुर पुलिस अलर्ट, शहर में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
गोरखपुर। आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना कोतवाली और राजघाट क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर ने गश्त के दौरान संवेदनशील स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि रामनवमी को लेकर जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
