राज्य-राजधानी
ईंधन व रसोई गैस आपूर्ति को लेकर डीएम सख्त, अफवाहों से बचने की अपील
संतकबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा और अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में ईंधन और गैस की आपूर्ति हर हाल में सुचारु रूप से बनी रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल व गैस की खरीद करें। अनावश्यक भंडारण से बचना जरूरी है, ताकि सभी को समय पर आवश्यक संसाधन मिल सकें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार, धनघटा के उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मेहदावल के उप जिलाधिकारी संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार सहित इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधि व आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
