वाराणसी
नवरात्रि में महिला सुरक्षा पर जोर, मिशन शक्ति अभियान ने पकड़ी रफ्तार
वाराणसी। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत वासन्तिक नवरात्रि के अवसर पर कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। निर्धारित विभागीय कार्ययोजना के अनुसार स्कूलों, कॉलेजों, मंदिरों, मेलों एवं भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं, बालकों व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 1930, 100, 112, 102 व 181 सहित उत्तर प्रदेश शासन व पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

255 स्थानों पर कार्यक्रम, 15 हजार से अधिक लोग जागरूक-
कमिश्नरेट वाराणसी के 2489 अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अब तक 255 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 15779 महिलाओं, बालकों व बालिकाओं को जागरूक किया गया। साथ ही 17509 प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड की सख्ती, 3 गिरफ्तार-
एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा स्कूल, कॉलेज, पार्क सहित 508 स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान 6329 व्यक्तियों की जांच कर 1714 को चेतावनी दी गई। वहीं 51 के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई, 58 पर अन्य कार्रवाई और 3 अभियोग पंजीकृत कर 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

मिशन शक्ति केंद्रों पर 249 कार्यक्रम-
जनपद के 29 थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर 249 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें 6115 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी को योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।
फुट पेट्रोलिंग व चेकिंग अभियान जारी-
महिलाओं के अधिक आवागमन वाले 476 स्थानों व पीआरवी द्वारा 494 स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान 6868 लोगों को चेक कर 7157 जागरूकता सामग्री वितरित की गई।

स्टंटबाजी पर कार्रवाई, 27 वाहन सीज-
सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध 419 स्थानों पर चेकिंग कर 3299 वाहनों की जांच की गई। 514 का चालान और 27 वाहन सीज किए गए, जबकि 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला सुरक्षा के लिए बढ़े संसाधन-
संवेदनशील हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 26 सीसीटीवी कैमरे व 89 स्ट्रीट लाइट लगवाई गई हैं। साथ ही 20 स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से 44 लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर जागरूकता बढ़ाई गई।

चार साल बाद अपहृता बरामद, आरोपी गिरफ्तार-
थाना जंसा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2021 के अपहरण मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लगभग चार वर्ष बाद अपहृता को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 363 के साथ 366, 376(3) भादवि, पॉक्सो एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
