Connect with us

वाराणसी

कृषि उपकरण गोदाम में आग से लाखों का नुकसान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया इलाके में स्थित एक कृषि उपकरण के गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

गोदाम मालिक महमूरगंज निवासी बच्चा लाल के पौत्र सत्यनारायण दुबे के अनुसार गोदाम में लगभग 10 लाख रुपये से अधिक का माल रखा हुआ था। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फायर सर्विस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, जबकि वास्तविक कारण जांच के बाद सामने आएगा।

स्थानीय निवासी गोविन्द ने बताया कि मलदहिया चौराहे के पास लाजपत नगर कॉलोनी के गेट संख्या तीन के सामने टीन शेड से बने इस गोदाम में प्लास्टिक के तिरपाल, पैकिंग सामग्री और लोहे के कृषि उपकरण रखे थे। देर रात करीब दस बजे के बाद अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तत्काल गोदाम मालिक को सूचना दी गई। गोविन्द ने ही पुलिस और फायर सर्विस को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर सिगरा थाने के एसओ संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। इसके बाद चेतगंज फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।

Advertisement

गोदाम के समीप ही एक फर्नीचर का गोदाम होने के कारण आग फैलने की आशंका से लोगों में दहशत बनी रही, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि गोदाम अधिकतर बंद ही रहता है और टीन शेड से निर्मित है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page