गाजीपुर
ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की किल्लत, एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनें
भीमापार (गाजीपुर) जयदेश। खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर अब भारत के ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है, जिसके कारण लोगों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन गैस बुकिंग करने की कोशिश की, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया भी ठीक से काम नहीं कर रही है। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बाद उन्हें डीएसी (डिलीवरी अथॉराइजेशन कोड) नंबर भी प्राप्त नहीं हो रहा है, जबकि कई बार गैस कंपनी की वेबसाइट भी काम नहीं कर रही है। इसके कारण लोग बुकिंग कराने में असमर्थ हैं और उन्हें एजेंसी पर जाकर लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है।

वहीं दूसरी ओर सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि देश में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। लेकिन जमीनी स्तर पर देखने पर स्थिति कुछ अलग ही नजर आ रही है। ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है तो उन्हें समय पर सिलेंडर क्यों नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनियों से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके और उन्हें आवश्यक रसोई गैस समय पर उपलब्ध हो सके।
