Connect with us

वाराणसी

बाबा कालभैरव और काशी विश्वनाथ धाम पर शिवराज सिंह चौहान ने नवाया शीश

Published

on

Loading...
Loading...

विकसित भारत निर्माण का किया आह्वान

वाराणसी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को वाराणसी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव के मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो और भारत एक गौरवशाली तथा विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो।

दर्शन के उपरांत कृषि मंत्री ने होली पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली रंगों, उल्लास और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। इस पर्व पर लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ उत्सव मनाना चाहिए। होली समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देती है, जिससे सामाजिक समरसता को बल मिलता है।

अपने प्रवास के क्रम में शिवराज सिंह चौहान ने वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह नगरी आध्यात्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति का भी प्रमुख केंद्र है।

Advertisement

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page