गाजीपुर
शादी में जा रहा परिवार ट्रेलर की चपेट में आया, मां समेत दो बेटियों की मौत
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाराचवर चट्टी पर स्थित देशी शराब की दुकान के पास परसा तिराही मार्ग पर बुधवार देर शाम दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। ट्रेलर की चपेट में आकर 35 वर्षीय महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आबादान ऊर्फ बैरान निवासी रणजीत चौरसिया अपनी पत्नी कुसुम देवी (35 वर्ष) और बेटियों अन्नया (8 वर्ष) व कृति (6 वर्ष) को बाइक पर बैठाकर रसड़ा में अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बाराचवर चट्टी के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के नीचे जा घुसी, जहां महिला और दोनों बच्चियां आन स्पॉट दम तोड़ बैठीं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया। लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए और आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालने का प्रयास किया। ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और एक ही पल में मां-बेटियों की जिंदगी खत्म हो गई।
