गाजीपुर
सड़क निर्माण में अव्यवस्था, रघुवंश चौराहे पर घंटों जाम से लोग परेशान
सादात (गाजीपुर) जयदेश। सादात स्थित एनएच-4 पर डी.डी. रघुवंश चौराहे के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लगातार व्यवधान और अव्यवस्था के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बिना पूर्व सूचना और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के खुदाई कर दिए जाने से सुबह से ही 20–30 मिनट के अंतराल पर एक-एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौराहे पर न तो बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की गई है, न ही रस्सी, फीता या कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। निर्माण स्थल पर यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं दिखा, जिससे हालात और बिगड़ गए। यदि समय रहते संकेतक या कर्मचारी की तैनाती की गई होती, तो जाम की समस्या काफी हद तक टाली जा सकती थी।

इस जाम में परीक्षार्थी, अभिभावक, एंबुलेंस, मोटरसाइकिल सवार, पैदल यात्री सहित तमाम राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। चौराहा मिर्जापुर-बहरियाबाद मार्ग, सादात से मरदह होते हुए जखनिया मार्ग, हंसराजपुर मार्ग तथा बाजार, थाना और रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला मुख्य केंद्र है। यातायात का अत्यधिक दबाव होने के बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
मामले की सूचना मिलते ही धर्मेंद्र पांडे, थाना प्रभारी सादात, ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे आंशिक राहत मिली।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान उचित बैरिकेडिंग, संकेतक और ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके और सड़क निर्माण कार्य भी सुचारु रूप से पूरा हो सके।
