गाजीपुर
श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज में विज्ञान परीक्षा से पूर्व हुई सघन जांच
नकलविहीन व्यवस्था का सख्त संदेश
सादात (गाजीपुर) जयदेश। सादात क्षेत्र स्थित श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व परीक्षार्थियों का सघन निरीक्षण किया गया।

प्रथम पाली में हाईस्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित थी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले छात्रों की गहन तलाशी ली गई तथा उनके प्रवेश पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म मिलान किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी परीक्षार्थी प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके।
प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक राजेश यादव के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम ने पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ निरीक्षण कार्य संपन्न कराया। इस दौरान परीक्षार्थियों को अनुशासन बनाए रखने, समय का सदुपयोग करने तथा परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली गई हैं। सख्त निगरानी के बीच छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया।
इस अवसर पर वंश नारायण सिंह यादव, चन्दन यादव, विवेक यादव, अशोक यादव, राजन यादव, सन्तोष यादव, अजित यादव, बृजेश कुमार सिंह, अंजनी सिंह, मिथिलेश यादव, रीना राय एवं आभा पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
