Connect with us

गाजीपुर

अखिल भारतीय सारस्वत सम्मान से सम्मानित हुए ब्रजभूषण दूबे

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी/गाजीपुर (जयदेश)। अखिल भारतीय सारस्वत सम्मान से समग्र विकास इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं स्वतंत्र पत्रकार ब्रजभूषण दूबे को सम्मानित किया गया। यह सम्मान काशी हिंदू विश्वविद्यालय के वैदिक विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया, जहां तीन कुलपतियों एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें सरस्वती का चित्र, सम्मान पत्र, अंग वस्त्र, गीता तथा बाबा विश्वनाथ को समर्पित रुद्राक्ष की माला भेंट कर अलंकृत किया।

सोमवार 23 फरवरी को देश-विदेश की कई नामचीन हस्तियों की उपस्थिति में जैसे ही उद्घोषक ने ब्रजभूषण दूबे के नाम के साथ यह उल्लेख किया कि वे सामाजिक कार्यकर्ता और स्वतंत्र पत्रकार होने के साथ-साथ महामना की बगिया (बीएचयू) में अपनी माता लीलावती देवी का देहदान कर चुके हैं, जो जनवरी 2020 में उनके निधन के बाद संपन्न हुआ, तथा उनके पिता का मृत्योपरांत देहदान गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज में किया गया है, वैसे ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यह देश का पहला ऐसा परिवार है, जहां पति-पत्नी दोनों के देहदान का संकल्प न केवल लिया गया, बल्कि मृत्यु के पश्चात उसे पूरा भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल छात्रों के लिए देहदान अत्यंत आवश्यक है और इसके अभाव में व्यावहारिक अध्ययन प्रभावित हो रहा है।

संस्था के संयोजक प्रोफेसर विवेकानंद तिवारी ने ब्रजभूषण दूबे द्वारा कराए गए कई देहदान एवं दर्जनों नेत्रदान पर प्रकाश डालते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए गए उनके राष्ट्रीय योगदान की भी चर्चा की।

सम्मान प्रदान करने वाले तीन कुलपतियों में प्रोफेसर मनोज दीक्षित, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर राजस्थान, प्रोफेसर महावीर सिंह, हिमाचल विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश तथा प्रोफेसर आलोक चग्रवाल, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ प्रमुख रूप से शामिल थे।

Advertisement

गाजीपुर जनपद के मनिहारी विकासखंड स्थित यूसुफपुर ग्राम निवासी पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण दूबे को यह सम्मान स्वतंत्र पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि सामाजिक, राजनीतिक, आंदोलनात्मक, मानवाधिकार एवं पर्यावरण के क्षेत्र में उनके व्यापक कार्यों के कारण चयन समिति के लिए यह तय करना कठिन था कि उन्हें किस विशेष क्षेत्र में सम्मानित किया जाए।

सम्मान प्राप्त करने के बाद ब्रजभूषण दूबे ने कहा कि महामना की बगिया में उनकी माता लीलावती देवी का देहदान हुआ और उसी भारत रत्न के पवित्र शिक्षा संकुल में सम्मानित होना उनके लिए गर्व का विषय है।

उनके सम्मान पर कुंभनाथ जायसवाल, कैप्टन योगेंद्र यादव, शिवम उपाध्याय, गुल्लू सिंह यादव, रमेश यादव, शिवानंद उपाध्याय, बंसराज यादव, हसन अब्दुल्ला, डॉ. राजेश पांडेय, आलोक राय, शशिकांत प्रजापति, संतोष कुशवाहा, मोहम्मद साद शेख, रमेश चौबे, दाऊद इब्राहिम, मनीष भारद्वाज, अभिषेक यादव एवं हनुमान बिंद सहित अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page