गाजीपुर
बोर्ड परीक्षा देने निकले दो किशोरों को स्कूली बस ने रौंदा, एक की मौत; चालक फरार
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के पास सोमवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो किशोरों की बाइक को सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कूली बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद दोनों किशोर उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बेटाबर खुर्द निवासी 15 वर्षीय संदीप कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चकमेदनी नंबर दो निवासी 16 वर्षीय मान सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

मृतक संदीप अपने पिता सुखदेव सिंह कुशवाहा का इकलौता पुत्र था। उसके दो छोटी बहनें अंजली और प्रतिमा हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के मुताबिक सोमवार को हाईस्कूल परीक्षा का तीसरा दिन था। पहले दो दिन संदीप साइकिल से परीक्षा देने गया था, लेकिन आज दोस्त मान सिंह के साथ बाइक से निकला था। संदीप पढ़ाई में होशियार था और बड़ा आदमी बनने का सपना देखता था यह सपना सड़क पर रौंद दिया गया।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल स्कूली बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
