गाजीपुर
ननिहाल से लापता किशोर वाराणसी से बरामद
सादात (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित अपने ननिहाल से बीते गुरुवार को लापता हुए 13 वर्षीय ब्रिसेन यादव को पुलिस ने चौथे दिन रविवार को वाराणसी से बरामद कर लिया। वह घर से भागकर बनारस चला गया था, जहां अस्सी घाट से पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला है। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी संतोष यादव का पुत्र ब्रिसेन यादव सादात के बड़ागांव स्थित अपने ननिहाल में रहता है। वह बीते गुरुवार को स्कूल जाने के लिए निकला, लेकिन छुट्टी के बाद भी घर नहीं लौटा। उसके नाना पारसनाथ यादव ने तहरीर देकर केस दर्ज कराया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी खोजबीन कर रही थी। इसी दौरान शनिवार दोपहर ब्रिसेन ने अपने दोस्त रुद्रांश पाण्डेय को फोन किया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया और रविवार सुबह ब्रिसेन को वाराणसी के अस्सी घाट से बरामद कर लिया। जिस लड़के के मोबाइल से उसने बात की थी, वह अदलहाट थाना क्षेत्र के बाराडीह के रहने वाले रवि राजभर की थी। पुलिस ने रवि को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
वहीं मखदुमपुर निवासी साहिल सिद्दीकी और एहसान अंसारी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि छात्र ब्रिसेन यादव फुटबॉल खेलने का शौक है और उसने बताया कि अपने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया था। पुलिस बरामद किशोर को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
