गोरखपुर
ड्रग इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार का आरोप, शासन को भेजा गया साक्ष्य
गोरखपुर। तहसील मेहदावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जेएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी, गोविंद कुशवाहा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितेश श्रीवास्तव तथा जिला अध्यक्ष गोरखपुर चंदन मौर्य ने ड्रग इंस्पेक्टर प्रीति सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार को लिखित शिकायत एवं वीडियो साक्ष्य सौंपा।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी द्वारा औषधि व्यवसायियों से अवैध धन की मांग की जा रही है, जिसका वीडियो प्रमाण भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण से अवगत कराने के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी द्वारा उन्हें योगी आदित्यनाथ का चित्र भेंट किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चित्र इस प्रकरण की याद दिलाता रहेगा तथा अपेक्षा है कि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक अनिल त्रिपाठी (मेहदावल) ने भी जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर जांच कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त होने के बाद प्रकरण को आवश्यक कार्रवाई हेतु शासन को प्रेषित कर दिया गया है तथा जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।
