गोरखपुर
बिन बारिश जलमग्न हुई बिछिया की अयोध्यापुरम कॉलोनी
उफनते नाले से बढ़ी परेशानी, जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
गोरखपुर। शहर में विकास के दावों के बीच बिछिया क्षेत्र स्थित अयोध्यापुरम कॉलोनी इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रही है। स्थिति यह है कि बिना बारिश के ही पूरी कॉलोनी में पानी भर गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से नाले की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण नाला उफान पर है और आसपास के घरों तक पानी पहुंच रहा है।
मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ लोगों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई, फिर भी हालात में सुधार नहीं हुआ।
जलभराव के कारण घरों में गंदा पानी प्रवेश कर रहा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर नाले की सफाई, गाद निकासी और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर पंपिंग की व्यवस्था करने तथा स्थायी ड्रेनेज योजना तैयार करने की आवश्यकता जताई है।
निवासियों का कहना है कि शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और नियमित मॉनिटरिंग से ही समस्या का स्थायी समाधान संभव है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आगे की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे। शहर के प्रमुख आवासीय क्षेत्र में इस तरह की स्थिति स्थानीय प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बन गई है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब तक प्रभावी कदम उठाते हैं।
