गोरखपुर
स्वास्थ्य अधिकारियों ने निजी चिकित्सालयों के ऑपरेशन थिएटर का किया निरीक्षण
गोरखपुर। खजनी ब्लॉक क्षेत्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार खजनी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप त्रिपाठी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खजनी की टीम द्वारा तीन निजी चिकित्सालयों के ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण मदर एंड चाइल्ड खजनी, नैंसी हॉस्पिटल कटघर खजनी तथा आदर्श क्लिनिक खजनी में किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आदर्श क्लिनिक खजनी में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहीं सीबीएसई मदर एंड चाइल्ड हेल्थ क्लिनिक खजनी एवं नैंसी हॉस्पिटल कटघर में ओटी टेबल और ओटी लाइट कार्यशील अवस्था में मिली। दोनों स्थानों पर एनेस्थीसिया टोली उपलब्ध पाई गई तथा ओटी टेक्नीशियन इन कॉल व्यवस्था में मौजूद रहे। पोस्ट ऑपरेशन कक्ष एवं मेडिकल टीम के लिए चेंजिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध थी। ऑपरेशन में प्रयुक्त उपकरण स्टरलाइज्ड और उपयोग योग्य पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सर्जरी रजिस्टर का सही तरीके से रखरखाव नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि इसे विधिवत रूप से मेंटेन किया जाए। ओटी कक्ष के बाहर गंदगी भी पाई गई, जिसे तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही समय-समय पर ओटी का फ्यूमिगेशन कराने की भी सलाह दी गई।
बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण जनहित में मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
