वाराणसी
जिला जज के ईमेल पर मिली कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी
वाराणसी। कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को अदालत परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। यह धमकी जिला जज संजीव शुक्ला के आधिकारिक ईमेल पर रात लगभग 1:30 बजे भेजी गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए तथा एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराया गया।
जिला जज संजीव शुक्ला ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी अधिवक्ताओं से परिसर खाली करने का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में कचहरी के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली गई। दोपहर लगभग 12 बजे के बाद अधिवक्ता और वादकारी परिसर से बाहर निकलने लगे, वहीं मुख्य द्वार पर वादकारियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल भी बना रहा।
सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि ईमेल के माध्यम से मिली इस गंभीर धमकी के मद्देनजर सभी अधिवक्ताओं को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल अधिवक्ताओं बल्कि न्यायालय आने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय हैं।
जिला जज ने इस संबंध में जिला एवं पुलिस प्रशासन को अवगत कराने के साथ ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी सूचना दी। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर जांच प्रक्रिया जारी रखी है।
