गाजीपुर
रॉन्ग साइड डंपर से कार की टक्कर, एयरबैग खुलने से चालक की बची जान
सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सिधौना बाजार के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार स्वयं उसके मालिक विकास चौबे चला रहे थे।

विकास चौबे वाराणसी के पांडेयपुर, लालपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एयरबैग खुल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि विकास चौबे को सिर में चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार कराया गया।

घायल विकास चौबे ने बताया कि डंपर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहा था, इसी दौरान सामने से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

इस हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। घटना ने एक बार फिर NH-31 पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और भारी वाहनों की लापरवाही के गंभीर खतरे को उजागर किया है।
