Connect with us

दुर्घटना

खड़ी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, चार लोग घायल

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीरनगर। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहदावल बाईपास के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार को दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होकर गोरखपुर लौट रहे स्कॉर्पियो सवार चार लोग उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन के आगे का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा देर रात हुआ। स्कॉर्पियो तेज गति में थी, इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और सामने खड़ी ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया।

Loading...

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए बाईपास मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया।

प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक व वाहन से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी और नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page