दुर्घटना
कार की टक्कर से टेंपो पलटा, एक यात्री गंभीर
कुदरहा (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव के पास राम जानकी मार्ग पर तेज रफ्तार कार की साइड लगने से एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, चकिया निवासी उमेश यादव पुत्र शिव सहाय कुदरहा से टेंपो द्वारा घर लौट रहे थे। पिपरपाती के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो में साइड मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्री दब गए।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और उमेश यादव को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। चौकी इंचार्ज कुदरहा महेश शर्मा ने बताया कि टेंपो सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, एक को चोट आई है। फरार कार की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
