गाजीपुर
आज जमानिया में भव्य लाठिया महोत्सव, अंतरराष्ट्रीय मेहमान बढ़ाएंगे आयोजन की गरिमा
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। जमानिया तहसील क्षेत्र में आज सोमवार, 2 फरवरी को भव्य लाठिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप भी मिला है। कार्यक्रम में थाईलैंड, जापान, नेपाल और किर्गिस्तान से मुख्य अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई है।

महोत्सव की तैयारियों में सम्राट अशोक क्लब के सदस्यों की अहम भूमिका बताई जा रही है। क्लब के कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल की साज-सज्जा, व्यवस्थाओं और समन्वय का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न किया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान सम्राट अशोक और भगवान बुद्ध के विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
