गाजीपुर
डहरमौवा कौड़ा में गुरु रविदास जयंती पर ग्रामीणों ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प
सादात (गाजीपुर) जयदेश। सादात अंतर्गत ग्रामसभा डहरमौवा कौड़ा में आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती का कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामसभा के सभी बड़े-बुजुर्गों एवं नौजवान साथियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी शिवप्रकाश यादव ने संत गुरु रविदास जी के महान विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे पवित्र संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि वे समता, प्रेम, करुणा और मानवता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने समाज में फैली ऊँच-नीच और भेदभाव की भावना को मिटाकर समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया। उनका जीवन संघर्ष, साधना और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा है।
कार्यक्रम में विनय प्रकाश, अखिलेश कुमार, बालक यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
