Connect with us

चन्दौली

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से दंपती की दर्दनाक मौत, चालक मौके से फरार

Published

on

चंदौली। जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई। तेज गति से आ रही एक पिकअप ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

यह दुर्घटना भुड़कुड़ा गांव के सामने लेवा-डिलिया मार्ग पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटारिया गांव निवासी विनोद यादव (38) अपनी पत्नी नीलम यादव (35) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनोद यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल नीलम यादव को स्थानीय लोगों की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिजनों में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की पहचान में जुटी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page