Connect with us

गोरखपुर

बढ़ती ठंड को लेकर सीएम योगी सख्त, 12वीं तक के सभी स्कूल पांच जनवरी तक बंद

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शीतलहर से बचाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीएम योगी के निर्देशानुसार कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश ICSE, CBSE, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों को अत्यधिक ठंड और शीतलहर के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखना है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और ठंड से प्रभावित लोगों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में अलाव की समुचित व्यवस्था और जरूरतमंदों को कंबल वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। इसके लिए सभी रैन बसेरों को सक्रिय रखा जाए और वहां पर्याप्त संख्या में बेड, कंबल, साफ पानी, रोशनी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नगर निगम और प्रशासन को रैन बसेरों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शीतलहर से बचाव की व्यवस्थाओं में यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार के इन निर्देशों से प्रदेशभर में शीतलहर के बीच आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page