वाराणसी
नोट की गड्डी दिखाकर महिला से जेवरात लेकर जालसाज फरार, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। शहर के लंका थाना क्षेत्र में ठगी की एक घटना सामने आई है, जहां नोटों की गड्डी दिखाकर जालसाजों ने एक महिला के जेवरात हड़प लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित बालाजी नगर कॉलोनी निवासी राहुल सिंह की पत्नी पुस्तक सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना बीते शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे लंका स्थित वी टू मॉल के निकट हुई। उस समय दो युवक उनके पास आए और रास्ता पूछने लगे। रास्ता बताने के बाद भी दोनों वहीं रुके रहे और बातचीत के दौरान उन्होंने अचानक 500 रुपये की नोटों की गड्डी दिखानी शुरू कर दी। जालसाजों ने कहा कि वे अपने दोस्त को खाना खिलाकर लौट रहे हैं।
इसके बाद युवकों ने पुस्तक सिंह से कहा कि वे अपने जेवरात निकालकर रुमाल में सुरक्षित बांध लें। महिला उनकी बातों में आ गईं। इसी दौरान आरोपितों ने कागज और गिट्टी की पुड़िया बनाकर रुमाल में बांधकर दे दी और महिला के असली जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।
जब पुस्तक सिंह घर पहुंचीं और रुमाल खोलकर देखा तो उसमें केवल गिट्टी और कागज के टुकड़े निकले। उनके कान के झुमके और गले की चेन, जिसमें ओम का लॉकेट लगा था, गायब मिले। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत लंका थाना को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जालसाजों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच सतर्कता बढ़ गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
