मिर्ज़ापुर
मिशन शक्ति फेज-5.0: मीरजापुर पुलिस ने महिला सुरक्षा व जागरूकता को दिया नया आयाम
मीरजापुर पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को केंद्र में रखते हुए शारदीय नवरात्र-2025 के दौरान “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 को पूरी सक्रियता के साथ संचालित किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी, महिला बीट आरक्षी तथा एंटी रोमियो टीम लगातार भ्रमण कर महिलाओं व छात्राओं को उनके अधिकारों, नए आपराधिक कानूनों, बाल विवाह व महिला उत्पीड़न संबंधी प्रावधानों, साथ ही शासन द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे रही है।पुलिस टीमें प्रमुख चौराहों, बाजारों, मंदिरों, मॉल, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, स्कूल/कॉलेज/कोचिंग संस्थानों सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र, अभ्युदय योजना, महिला ई-हाट आदि सहित कई योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक कर रही है। छोटे बच्चों को गुड टच–बैड टच की समझ भी सरल तरीके से दी जा रही है ताकि वे किसी भी समस्या को तुरंत अभिभावकों या पुलिस से साझा कर सकें।
सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, पासवर्ड सुरक्षा, मुफ्त वाई-फाई के जोखिम, अनजान कॉल्स और लिंक से सावधान रहने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से बताया गया। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही 1090, 181, 112, 1098, 108, 102 व 1076 जैसे सभी आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मीरजापुर पुलिस की विभिन्न एंटी रोमियो टीमों द्वारा पूरे जनपद में कुल 33 स्थानों पर जन चौपाल व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं, बालिकाओं और अभिभावकों ने सहभागिता की।
