वाराणसी
युवती को बहकाकर ले जाने का आरोप, मां की तहरीर पर केस दर्ज
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को बहका-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और घर से 50 हजार रुपये नकद ले जाने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में युवती की मां ने चौबेपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मां द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, गांव का एक युवक उनकी लगभग 19 वर्षीय बेटी से लगातार संपर्क में रहता था। परिवार को संदेह है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
आरोप है कि युवक युवती को अपने साथ ले गया और युवती घर से 50 हजार रुपये भी लेकर निकल गई। परिजनों का यह भी कहना है कि गांव के कुछ लोगों ने युवक की मदद की, जिससे वह युवती को भगाने में सफल हुआ। फरार युवक का मोबाइल नंबर भी शिकायत में दर्ज कराया गया है। घटना की खबर लगते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
युवती की मां ने पुलिस से बेटी की तत्काल बरामदगी और आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चौबेपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम जांच में जुट गई है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक और युवती का पता नहीं चल सका था।
