गोरखपुर
आमने-सामने बाइक भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के हरपुर–भीटी रावत मार्ग पर अनन्तपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो अनियंत्रित बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे हरपुर की ओर से अपने घर जा रहे शिवम विश्वकर्मा (30 वर्ष) पुत्र अशोक विश्वकर्मा, निवासी ग्राम छपिया, थाना खजनी, की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में शिवम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार मुन्ना पासवान (22 वर्ष) पुत्र नागर मल्ल और आदित्य पासवान (20 वर्ष) पुत्र राजीव पासवान, दोनों निवासी ग्राम पंचायत दरघाट, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवकों के पैर टूट गए हैं और उनके सिर में भी गहरी चोटें आई हैं।

घायलों को तत्काल गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर रोशनी की कमी और तेज रफ्तार इस हादसे का कारण हो सकती है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
