गाजीपुर
बारिश और नाले के गंदे पानी में डूबी सब्जियां, ग्राहकों की सेहत पर संकट
जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित सब्जी मंडी में बुधवार को हुई तेज बारिश ने सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों की परेशानी बढ़ा दी। मंडी में जगह-जगह जलभराव हो गया जिससे सड़क किनारे पटरी पर रखी सब्जियां नाली के गंदे पानी में डूब गईं। हैरानी की बात यह रही कि कई दुकानदार इन्हीं भीगी और गंदी सब्जियों को ग्राहकों को बेचते नजर आए।

स्थानीय निवासियों और खरीदारों ने चिंता जताते हुए कहा कि गंदे पानी में डूबी सब्जियां लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। बरसात में खुले नालों का पानी सीधे मंडी में भर जाने से स्थिति और बिगड़ जाती है। ग्राहकों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें यही सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं, जबकि प्रशासन इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है।
एक खरीदार ने बताया, “हम लोग रोज सब्जियां यहीं से खरीदते हैं। जब सब्जियां नाली के पानी में डूबी होंगी तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ेगा। प्रशासन को मंडी की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।”

वहीं, सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि उनके पास कोई और विकल्प नहीं है। एक दुकानदार ने कहा, “बारिश का पानी अचानक आ गया। हमारी सब्जियां खराब हो रही हैं। अगर इन्हें बेचेंगे नहीं तो घाटा हो जाएगा।”
ग्राहकों और दुकानदारों दोनों की परेशानी को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने और मंडी की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
