वाराणसी
Varanasi Airport : विदेशी यात्री के पास से सेटेलाइट फोन बरामद
वाराणसी। बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार को सुरक्षा जांच के दौरान इटली के नागरिक ट्रॉम्बेटा एलेसेंड्रो के पास से सेटेलाइट फोन बरामद हुआ। एयरलाइंस फ्लाइट 6ई 6597 से वह वाराणसी से बैंगलोर जा रहा था।
सीआईएसएफ जवानों ने संदिग्ध डिवाइस कब्जे में लेकर यात्री से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने फोन अपने पास होने की बात स्वीकार की, लेकिन इसके उपयोग और उद्देश्य के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। भारत में सेटेलाइट फोन का बिना अनुमति उपयोग प्रतिबंधित है और इसका उपयोग केवल आपातकालीन या सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किया जा सकता है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद यात्री को स्थानीय पुलिस के हवाले किया जाएगा। पुलिस और खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फोन कहाँ से आया और इसका भारत में इस्तेमाल करने की मंशा क्या थी।
