गाजीपुर
हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का असामयिक निधन

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गाजीपुर। सुहवल थाना में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का रविवार को हृदय गति रुकने से असामयिक निधन हो गया। उनकी उम्र मात्र 35 वर्ष थी। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र सिंह की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। स्वास्थ्य में गिरावट महसूस होने पर वे आज सुबह अपने परिवार के पास चले आए थे। लगभग 11 बजे अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन व सहयोगी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरा बाजार ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मेंद्र सिंह, पुत्र संतोष सिंह, मूल रूप से भदोही जिले के अजयपुर थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी थे। वर्तमान में वे गाजीपुर के सुहवल थाना में दीवान के पद पर कार्यरत थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। वर्ष 2015 में उनका विवाह तनु सिंह (निवासी – कपसेठी, वाराणसी) से हुआ था। अपने पीछे वह पत्नी तनु सिंह (उम्र 30 वर्ष) और दो बेटियाँ – रूही सिंह (9 वर्ष) तथा चिकू सिंह (4 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
धर्मेंद्र सिंह को उनके सहयोगियों ने एक मिलनसार, अनुशासित और मेहनती पुलिसकर्मी बताया। 2021 में उन्होंने गाजीपुर यातायात विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। 2022 में उनका प्रमोशन हेड कांस्टेबल पद पर हुआ और 2024 में उनका स्थानांतरण सुहवल थाना में कर दिया गया था। हाल ही में वे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिंह के साथ एलआईयू PSO ड्यूटी पर भी कार्यरत थे। उनके अचानक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।