Connect with us

राष्ट्रीय

अंगोला को 20 करोड़ डॉलर का रक्षा ऋण देगा भारत

Published

on

नई दिल्ली। भारत ने अंगोला के सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर का रक्षा ऋण देने की घोषणा की है। यह निर्णय भारत और अंगोला के नेताओं के बीच शनिवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में लिया गया। दोनों देशों के नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई और स्वास्थ्य सेवा, हीरा प्रसंस्करण, उर्वरक, और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने का निर्णय लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंसाल्वेस लौरेंको के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कहा, “38 वर्षों के बाद अंगोला के राष्ट्रपति की भारत यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में नई दिशा मिलेगी। हम दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 200 मिलियन डॉलर की डिफेन्स क्रेडिट लाइन को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही रक्षा प्लेटफार्मों में सुधार और बदलाव के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत, अंगोला के साथ ऊर्जा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रा, स्पेस टेक, और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाएगा।

Advertisement

भारत अंगोला से तेल और गैस का सबसे बड़ा खरीदार है और दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी को बढ़ाने पर सहमति बनी है। इसके अतिरिक्त, दोनों देशों के बीच युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम शुरू करने पर भी चर्चा की गई ताकि लोगों के बीच आपसी संबंध बेहतर हो सकें।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हम अफ्रीकन यूनियन की अध्यक्षता के लिए अंगोला को शुभकामनाएं देते हैं और भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता मिलने पर गर्व महसूस करते हैं।”

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa