Connect with us

चन्दौली

चैत्र नवरात्रि और श्रीरामनवमी पर्व पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published

on

चंदौली। चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि और श्रीरामनवमी पर्व के पावन अवसर पर रविवार को जनपद भर में भक्ति और उल्लास का अद्वितीय संगम देखने को मिला। सुबह से ही नगर सहित ग्रामीण अंचलों में देवी मंदिरों और शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधिवत दर्शन-पूजन कर देवी मां से सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।

महिलाओं और पुरुषों की टोलियां प्रातःकाल से ही नारियल, चुनरी, माला, फूल और प्रसाद के साथ देवी मंदिरों की ओर जाती दिखीं। मंदिर प्रांगण में भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए मां दुर्गा की आराधना की। नवमी के अवसर पर जगह-जगह हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर समाज के कल्याण और देश की समृद्धि की प्रार्थना की।

इसी के साथ श्रीराम जन्मोत्सव का पर्व भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। श्रीराम जानकी शिवमठ मंदिर, श्री महावीर मंदिर, माता संतोषी मंदिर, माजावर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मां काली मंदिर तथा मां सती मंदिर समेत नगर के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। भव्य झांकियों और राम जन्म के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Advertisement

श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिरों में विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। संपूर्ण जनपद का माहौल धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा कर्मी लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए चैत्र नवरात्रि और श्रीरामनवमी पर्व ने जनपद को भक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया। मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि आस्था की डोर में आज भी समाज बंधा हुआ है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page