Connect with us

गाजीपुर

पचारा गांव में आगलगी से दो परिवारों का आशियाना खाक, प्रशासन से मदद की गुहार

Published

on

नंदगंज (गाजीपुर)। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिले में आगलगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के पचारा गांव में दो मड़इयों में भीषण आग लगने से दो गरीब परिवारों का समस्त घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से राहत और सहयोग की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचारा गांव निवासी शंभूनाथ राम की तबीयत खराब चल रही थी। उनकी पत्नी तारा देवी का इलाज कराने के लिए वह अपने पुत्र पवन कुमार के साथ शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे घर बंद करके गाजीपुर गए थे। दोपहर करीब 1 बजे अचानक उनकी मड़ई में धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

मड़ई में रखे खाद्यान्न, चौकी, चारपाई, गद्दा-रजाई, साइकिल, नगदी, आधार कार्ड, पासबुक, खेत की खतौनी समेत पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की खबर मिलते ही गांव के लोग दौड़ पड़े और मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने प्रयास कर आग को बुझाया।

Advertisement

शंभूनाथ राम ने बताया कि घटना के समय बिजली भी नहीं थी और घर पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उन्होंने कहा, “जब हम वापस लौटे तो घर में कुछ भी नहीं बचा था। हमारी पूरी जीवनभर की कमाई जलकर खाक हो गई।”

इस घटना में उनके पास सटी दूसरी मड़ई, जो कि उनकी बड़ी मां इंदू देवी (पत्नी स्व. संतोष राम) की थी, वह भी आग की चपेट में आ गई। उनकी मड़ई में रखा सारा सामान, जिसमें कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अन्य आवश्यक वस्तुएं थीं, सब कुछ जलकर नष्ट हो गया।

दोनों ही परिवार बेहद गरीब हैं और अब उनके पास रहने तक की व्यवस्था नहीं बची है। असहाय स्थिति में ये परिवार प्रशासन से तत्काल राहत एवं सहायता की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन और फायर ब्रिगेड की तत्परता होती, तो नुकसान कम हो सकता था। उन्होंने भी पीड़ित परिवारों को सहायता देने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa