जौनपुर
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
मड़ियाहूं तहसील में फरियादियों की शिकायतों पर अधिकारियों को निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
मड़ियाहूं (जौनपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला संबंधी मामलों को दें प्राथमिकता : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने महिला सुरक्षा एवं महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
