पूर्वांचल
सम्पूर्ण समाधान दिवस : अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिलाधिकारी द्वारा तहसील धनघटा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन्हें अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ सुना।
कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पारिवारिक समस्याओं एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष समाधान किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य जनता को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना और प्रशासन पर उनका विश्वास मजबूत करना है।इस पहल से आम लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।
