गाजीपुर
सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। गाजीपुर-चितबड़ागांव मार्ग पर वकील बाड़ी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, यूसुफपुर नगर के जमालपुर मुहल्ला निवासी 32 वर्षीय मुहम्मद आरिफ स्कूटी से तिवारीपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह वकील बाड़ी के समीप पहुंचे, सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद आरिफ सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। मृतक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पिता आशिक अंसारी, मां सैबुन खातून सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरिफ अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और करीब चार माह पूर्व ही उनका विवाह हुआ था। उनकी पत्नी इस समय मायके में हैं।
बताया जाता है कि आरिफ ने तीन दिन पहले ही यूसुफपुर नगर पालिका क्षेत्र में मैरेज हाल के पास एक कटरे में कॉस्मेटिक एवं हैंडलूम की दुकान शुरू की थी। परिवार के इकलौते सहारे के रूप में उनकी पहचान थी, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
