Connect with us

जौनपुर

संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम

Published

on

Loading...
Loading...

डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक, सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश

घर-घर सर्वे, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान पर विशेष जोर

जौनपुर। जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान संचालित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों में झाड़ियों की नियमित कटाई, जलभराव की निकासी और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा नगर निकायों को वार्डों, मोहल्लों, स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा के नियमित छिड़काव के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से शत-प्रतिशत घर-घर सर्वे कराने, बुखार एवं अन्य लक्षण वाले मरीजों की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, जांच किटों और प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।

Advertisement

बैठक में पशुपालन विभाग को शूकर पालकों को साफ-सफाई, कीटनाशी दवाओं के छिड़काव तथा सूअरों को खुले में न छोड़ने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और आसपास पानी जमा न होने देने जैसे बचाव उपायों की जानकारी देने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, वेक्टर बॉर्न डिजीज (वीबीडी) के नोडल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page